चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौलीः चारों विधानसभा के नगरीय इलाकों में बनेंगे सखी बूथ, महिला कार्मिक कराएंगी चुनाव

चंदौली। महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए हर विधानसभा में सखी बूथ बनाए जाएंगे। निर्वाचन विभाग की ओर से सखी बूथ के लिए मतदान केंद्र चिह्नित कर लिए गए हैं। इन बूथों पर महिला कार्मिक चुनाव कराएंगी। वहीं महिला सुरक्षाकर्मी ही बूथों पर सुरक्षा की कमान संभालेंगी।

मुगलसराय विधानसभा के लिए लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में सखी बूथ बनाया जाएगा। इसी तरह सकलडीहा में इंटर कालेज सकलडीहा, चकिया के लिए नगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय और सैयदराजा स्थित प्राथमिक विद्यालय में सखी बूथ बनाए जाएंगे। सखी बूथों को फूल, गुब्बारे आदि से दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। बूथों की साज-सज्जा काफी आकर्षक रहेगी, ताकि अधिक से अधिक मतदाता बूथों पर पहुंचे। जिले में इस बार 70 फीसद मतदान का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने की कवायद में जुटा है। कोशिश की जा रही है कि अधिक से अधिक लोगों को बूथों तक लाया जाए।

सखी बूथों पर महिला कार्मिक व सुरक्षाकर्मी रहेंगी तैनात
सखी बूथों पर महिला मतदान कार्मिकों व सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। महिलाओं के साथ ही पुरूष मतदाता भी इन बूथों पर वोट डालेंगे। पोलिंग पार्टी में शामिल महिला कार्मिकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। वहीं उनकी सहूलियत के लिए नगरीय इलाकों में ही सखी बूथ बनाए गए हैं।

महिला मतदाताओं की करेंगे पहचान

बूथों पर महिला मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। सखी बूथ के साथ ही अन्य बूथों पर भी महिला मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए एक कर्मी को रखा जाएगा। प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं भी महिला मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!