ख़बरेंचंदौली

Dev Deepawali 2025 : बलुआ घाट पर देव दीपावली की रौनक, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे लोग

चंदौली। देव दीपावली के पावन अवसर पर बुधवार को बलुआ स्थित पश्चिमवाहिनी गंगा तट पर गंगा महोत्सव का आयोजन भव्य रूप से किया गया। शाम चार बजे से आरंभ हुए इस आयोजन में गंगा महाआरती, गोष्ठी और भक्ति संगीत के कार्यक्रमों ने देर रात तक श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किए रखा। पूरे गंगा तट पर हजारों दीपों की जगमगाहट और भक्ति गीतों की ध्वनि से माहौल दिव्य बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत गंगा महाआरती से हुई, जिसमें बटुकों ने पारंपरिक वेषभूषा में मां गंगा की भव्य आरती उतारी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मां गंगा के चरणों में दीपदान करते हुए कहा कि गंगा का निर्मलीकरण न केवल सरकार की जिम्मेदारी है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा, “कार्तिक मास में देवता पृथ्वी पर आते हैं, और पूर्णिमा की रात्रि को मनाई जाने वाली देव दीपावली वास्तव में आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है।”

 

इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में अरविंद पांडेय, अवनीश पांडेय, रोहित तिवारी और योगेंद्र मिश्रा सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। इसके बाद शुरू हुआ सांस्कृतिक संध्या का दौर, जिसमें गायक कलाकारों ने मां गंगा की महिमा और निर्मलीकरण पर एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। लोकगायक अरविंद तिवारी और शशीलाल के लोकगीतों ने देर रात तक समां बांधे रखा। भक्तिमय गीतों से गूंजते गंगा तट पर दीपों की लौ ऐसे टिमटिमा रही थी मानो धरती पर देवलोक उतर आया हो।

 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। हर तरफ भक्ति, संगीत और दीपों का संगम देखने को मिला। सुरक्षा की दृष्टि से उपजिलाधिकारी कुंदन राज और क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी स्वयं पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं, जिससे आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ।

 

Back to top button
error: Content is protected !!