
चंदौली। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय चकिया तहसील प्रशासन ने एक बार फिर मिसाल पेश की है। तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने तीन दिनों के भीतर तीसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए ददरा गांव में वर्षों से चले आ रहे रास्ता विवाद का समाधान करा दिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में हुए इस निस्तारण से करीब 50 परिवारों को राहत मिली है तथा लंबे समय से बाधित आवागमन शुरू हो गया है।
दादरा गांव में देवस्थान तक जाने वाले चकमार्ग पर अतिक्रमण और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इस कारण ग्रामीणों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई परिवारों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित था, जिससे उनकी दैनिक गतिविधियां भी बाधित हो रही थीं। मामला संवेदनशील होने के कारण प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लिया और बुधवार को नायब तहसीलदार आलोक निषाद, राजस्व कर्मियों तथा बाबुरी थाना पुलिस के साथ गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी और आपसी सहमति के आधार पर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया।
समाधान के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में रास्ते पर बने अवरोध हटवाए गए। साथ ही मार्ग को सुगम बनाने के लिए मिट्टी डलवाने का कार्य भी शुरू कराया गया। रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की पहल की सराहना की।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई, खेती-किसानी और दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा था। अब रास्ता खुलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है और गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल भी मजबूत हुआ है।
तहसीलदार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर पहुंचकर समाधान कराया जा रहा है। भूमि और राजस्व संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

