
चंदौली। सकलडीहा थाना पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से दो जीवित गोवंश बरामद करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया अपराधी सहित दो गोतस्करों को गिरफ्तार किया।
एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा था। एएसपी अनंत चन्द्रशेखर और सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भोजापुर देशी शराब ठेका के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक वाहन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जोगिन्दर राय (निवासी महगांव शिवपुर, थाना बलुआ, उम्र 35 वर्ष) और महेन्द्र राय (निवासी सर्वानन्दपुर मथेला, थाना बलुआ, उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई। वाहन (UP67BT4085) से दो गोवंश बरामद किए गए।
गिरफ्तार इनामी अपराधी जोगिन्दर राय का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना सकलडीहा पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।