
चंदौली। चहनियां ब्लॉक के ग्राम सभा महुआरी खास में हैंडपंप रिबोर के नाम पर प्रधान और सचिव ने सरकारी धनराशि गबन कर ली। जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रधान के वित्तीय अधिकारी सीज कर दिए गए। वहीं प्रधान और सचिव से धनराशि की रिकवरी की गई है। प्रशासन की सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचारियों में खलबली मची है।
गांव निवासी राजकिशोर सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र सौंपकर वित्तीय अनियमितता की शिकायत की थी। जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे के आदेश पर इस मामले की अपर पंचायत राज अधिकारी एवं जल निगम के अपर अभियंता द्वारा जांच की गई। जांच में1,06,632 रुपये की रिकवरी सामने आई, जिसे ग्राम प्रधान सतेन्द्र कुमार सिंह और सचिव के बीच आधा-आधा बांटा गया।
ग्राम प्रधान द्वारा लगातार वित्तीय धांधली किए जाने के कारण उनके खिलाफ आरसी जारी कर दी गई और उनका बैंक खाता सीज कर दिया गया। प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बावजूद, अनियमितताओं का सिलसिला जारी था, जिससे मजबूरन यह कदम उठाया गया।
इसके अतिरिक्त, दूसरी जांच में 80,000 रुपये की अतिरिक्त रिकवरी सामने आई, जिसे भी प्रधान और सचिव के बीच आधा-आधा विभाजित कर वसूला गया। दोनों ने प्रशासन द्वारा निर्धारित राशि को जमा कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायत में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि भविष्य में कोई और अनियमितता पाई जाती है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।