
चंदौली। अलीनगर थाना से सिंघीताली के समीप हाईवे पर शुक्रवार की सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। एक का प्राथमिक उपचार करने के बाद बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
वाराणसी के जंसा थाना के सपेहटा गांव निवासी राज केशरी (25), रोहित राजभर (22) और सतीश (22) बिल्डिंग में आग से बचाव के उपकरण लगाने वाली कंपनी में काम करते है। शुक्रवार की सुबह तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पीडीडीयू नगर किसी बिल्डिंग में काम करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही सिंघीताली के समीप पहुंचे, किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। यहां चिकित्सकों ने राज और रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सतीश का प्राथमिक उपचार करने के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।