fbpx
ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल संसदीय समिति की बैठक, सांसदों ने दिए अहम सुझाव, यात्री सुविधाओं और स्टेशनों के पुनर्विकास पर दिया जोर

चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय डीडीयू के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने किया। बैठक में मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों के सांसदगण एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सांसदों ने अहम सुझाव दिए। साथ ही यात्री सुविधाओं को बढ़ाने और स्टेशनों के पुनर्विकास पर जोर दिया।

 

बैठक में रेल विकास और यात्री सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के विषय पर चर्चा हुई। सांसदों ने रेलवे के आधारभूत ढांचे के विकास, स्टेशनों के पुनर्विकास, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और नई परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने रेल संचालन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुधार के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

 

बैठक में चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, सासाराम सांसद मनोज कुमार, आरा से सुदामा प्रसाद, काराकाट से राजा राम सिंह, राज्यसभा की सांसद दर्शना सिंह एवं साधना सिंह उपस्थित रहीं। वहीं, केंद्रीय मंत्री सह गया से सांसद जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि राजेश कुमार पांडे, बक्सर से सुधाकर सिंह के प्रतिनिधि अजीत, और औरंगाबाद से सांसद अभय कुमार सिन्हा के प्रतिनिधि संजय कुमार ने भी भाग लिया।

 

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मंडल की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी-फरवरी 2025 में प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान 1760 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई थी।

 

महाप्रबंधक ने यह भी बताया कि मंडल में अब तक 22 ATVM मशीनें लगाई जा चुकी हैं। 12 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूर्ण हो चुका है और 21 अन्य पर कार्य प्रगति पर है। डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों के पुनर्विकास की प्रक्रिया भी जारी है। गया स्टेशन को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से युक्त करने का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। बैठक के अंत में महाप्रबंधक ने सांसदों के सुझावों को अमूल्य बताते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। कहा कि ये सुझाव भविष्य की योजनाओं को दिशा देने में सहायक होंगे।

Back to top button