
चंदौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना नौगढ़ पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14.739 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में नौगढ़ थाना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर मोटरसाइकिल से गांजा लेकर कौवाघाट पुल के रास्ते मधुपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कौवाघाट पुल के मोड़ के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से कुल 14.739 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे बिहार राज्य के भभुआ जनपद के निवासी हैं और अपने गांव के पास स्थित पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर चंदौली के मधुपुर व आसपास के गांवों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को वे आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पप्पू यादव और शौकत सिंह निवासी ग्राम सेमरा थाना चैनपुर जनपद भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक हंसराज मिश्र, उपनिरीक्षक अभय सिंह सहित अन्य शामिल रहे।
