
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को कैंप कार्यालय में डूडा (जिला नगरीय विकास एजेंसी) की शासी निकाय की बैठक हुई। इसमें शहरी क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

पीएम आवास के अधूरे निर्माण जल्द होंगे पूरे
बैठक में पीएम आवास योजना 1.0 की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जिन लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए पूर्व में धनराशि मिल चुकी है, उनके आवासों का निर्माण अधिशासी अधिकारी शीघ्र पूर्ण कराएं। वहीं पीएम आवास योजना 2.0 के तहत प्राप्त नए आवेदन पत्रों की त्वरित जांच कराने के साथ पहली किस्त प्राप्त कर चुके लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन और जियो-टैगिंग जल्द पूरा कराने को कहा।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में शहरी स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बैंकों से समन्वय स्थापित कर लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मलिन बस्ती विकास योजना के तहत प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों और उनके प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई। बैठक का संचालन परियोजना अधिकारी राजेश उपाध्याय ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राजेश कुमार, पंडित दीनदयाल नगर, चकिया और सैयदराजा के चेयरमैन व ईओ सहित सेवायोजन, खाद्य, उद्योग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

