
- बलुआ थाना के चकिया बिहारी मिश्र गांव में ट्रैक्टर चोरी की घटना के बाद हरकत में आई पुलिस
- सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच और छानबीन से चोरों का लगा सुराग
- मारूफपुर के पास धराए शातिर चोर, चोरी के दो ट्रैक्टर और ट्राली बरामद
चंदौली। थाना बलुआ क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर और एक ट्रॉली बरामद की गई है। शातिर चोर गाजीपुर से आकर चंदौली में घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
11 अप्रैल को चकिया बिहारी मिश्र गांव से अज्ञात चोरों द्वारा एक ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में पीड़ित प्रभुनारायण गुप्ता पुत्र मुरलीधर गुप्ता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना बलुआ में मुकदमा संख्या 87/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बीच 12/13 अप्रैल की रात चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मारूफपुर के पास गंगा नदी किनारे छापेमारी कर चोरी गए ट्रैक्टर और ट्रॉली के साथ एक अन्य चोरी का ट्रैक्टर भी बरामद किया। मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रकाश राम निवासी सम्मनपुर थाना नंदगंज, पंकज कश्यप और बिरजू कश्यप निवासी नैसारा थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अनंत भार्गव, चौकी प्रभारी अमित सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह सहित हेड कांस्टेबल संतोष कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, शिशिर यादव, कृष्ण कुमार यादव और रमेश चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
