
चंदौली। जिले के प्रतिभावान युवा खिलाड़ी त्रिपुरारी उपाध्याय अयोध्या लीग में अपना जलवा बिखेरेंगे। धानापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नौघरा निवासी 19 वर्षीय त्रिपुरारी का चयन लीग में गंगा टीम के लिए हुआ है।मुकाबला 9 नवंबर से अयोध्या के भीमराव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा। यह प्रदेश की बड़ी लीग मानी जा रही है।

त्रिपुरारी उपाध्याय एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं वे दाएं हाथ के बल्लेबाज और राइट आर्म ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। बी.एससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका पूरा ध्यान क्रिकेट करियर पर केंद्रित है।
बताया कि वे पिछले चार वर्षों से उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (U.P.C.A) के अंडर-19 कैंप में लगातार अभ्यास कर रहे हैं। मेहनत और निरंतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें अयोध्या लीग में चयनित किया गया है। त्रिपुरारी स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव को अपना आदर्श मानते हैं और समय समय पर उनसे टिप्स भी लेते रहते हैं।
लीग में कुल 30 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें त्रिपुरारी भी शामिल हैं। उनके चयन की खबर से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

