क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News : चंदौली पुलिस कप्तान की सख्ती फेल, दिनदहाड़े चल रहा पशु तस्करी का खेल, पशुओं से लदा वाहन दुर्घटनाग्रस्त

चंदौली। पुलिस कप्तान के दावों के इतर जिले में पशु तस्करी का खेल धड़ल्ले से जारी है। इसकी पोल तब खुली जब रविवार की सुबह धरौली चौकी से महज 400 मीटर दूर पशु तस्करों का वाहन भागते समय चबूतरे से टकरा गया। वाहन में पशु लदे थे। ग्रामीणों ने दो पशु तस्करों को पकड़ा है। सूचना के बाद सीओ सदर राजेश राय और सैयदराजा एसओ मौके पर पहुंचे। पुलिस पशु तस्करों के साथ वाहन व मवेशी को साथ ले गई। ग्रामीणों का आरोप है कि धरौली चौकी पुलिस की मिलीभगत से यूपी-बिहार सीमा पर तस्करी का खेल चल रहा है।

 

चंदौली एसपी ने जिले में तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की बात कही थी, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। रविवार की सुबह धरौली गांव में पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर पशु तस्करों का वाहन भागते समय चबूतरे से टकरा गया। घटनास्थल पर ग्रामीण जुट गए। लोगों ने देखा तो वाहन में 10 पशु लदे थे। इस पर लोगों ने वाहन में सवार दो तस्करों को पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों का कहना रहा कि तस्करों के तीन वाहन तेज रफ्तार में निकल गए लेकिन सबसे आखिरी में चल रहा चौथा वाहन चबूतरे से टकरा गया। इसकी वजह से तस्करी के खेल की पोल खुल गई। कहा कि पुलिस की मिलीभगत से तस्करी का खेल चल रहा है। घटना की जानकारी होने के बाद सीओ व एसओ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं तस्करों, पशुओं व वाहन को अपने साथ ले गई।

 

संसद में भी उठ चुका है तस्करी का मामला

चंदौली में यूपी-बिहार सीमा पर पशुओं व शराब की तस्करी का मामला संसद में भी उठ चुका है। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह इस मामले को संसद में उठा चुके हैं। पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। 2019 में पशुओं को लादकर भाग रहा ट्रक यूपी बिहार सीमा पर इलिया थाने के मालदह गांव में सड़क किनारे झोपड़ी में घुस गया था। इससे एक ही परिवार के कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन सबक नहीं ले रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!