
तरुण भार्गव
चंदौली। एक और बेटी ने जिले का मान बढ़ाया है। बबुरी क्षेत्र के सिरकुटियां गांव की अंजलि त्रिपाठी ने बीएचयू (Bhu)से स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। अंजली की इस उपलब्धि से परिजन और ग्रामीण काफी गदगद हैं।
सिरकुटिया ग्राम निवासी सरोज त्रिपाठी और प्रयागदेव त्रिपाठी की पुत्री अंजली त्रिपाठी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में MSC की है। सर्वाेच्च अंक प्राप्त कर वर्ष 2021 का प्रतिष्ठित स्व. श्रीमती राजेश्वरी देवी राठौर गोल्ड मेडल अवार्ड हासिल कर सिर्फ परिवार और गांव का ही नाम रोशन नहीं किया बल्कि चंदौली जनपद को भी गौरवान्वित किया है। मुख्य अतिथि के तौर पर अमेरिका की प्रतिष्ठित पॉलो ऐल्को कम्पनी के सीईओ निकेश अरोड़ा के हाथों उन्हें यह पुरस्कार प्राप्त हुआ। वर्तमान में अंजलि जेएनयू से मॉलिक्यूलर मेडिसिन में PHD कर रही हैं। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोग कहते नहीं थक रहे कि बेटी हो तो ऐसी। बधाई देने वालों में विधायक प्रत्याशी रहे भाजपा के सूर्यमुनि तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुषमा जायसवाल, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ चकिया की ब्लॉक अध्यक्ष रीता पाण्डेय, गौरव श्रीवास्तव शामिल रहे।