चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: गोविंदीपुर में बिजली संकट, नाराज ग्रामीणों ने तहसील दिवस में अधिकारियों से की शिकायत, आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता: बाबू चौहान 

चंदौली। तहसील दिवस के दौरान शनिवार को शहाबगंज ब्लॉक के ग्राम गोविंदीपुर की दलित बस्ती के दर्जनों ग्रामीणों ने बिजली कटौती को लेकर अधिकारियों से शिकायत की। आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से पूरी बस्ती की बिजली काट दी गई है, जिससे क्षेत्र में अंधेरा छाया है और जनजीवन प्रभावित हो गया है।

किसान सभा के जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट और पूर्व जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। उन्होंने बकाया बिजली बिल माफ करने या आसान किस्तों में जमा कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और बुजुर्गों व महिलाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 12 फरवरी को बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं अवर अभियंता संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बकाया बिल जमा न होने के कारण आपूर्ति रोकी गई है और भुगतान होते ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!