fbpx
rail newsचंदौली

Chandauli News : रेलवे का दावा : छठ महापर्व को लेकर उठाए गए जरूरी कदम, डीडीयू मंडल से प्रतिदिन गुजर रहीं 40 स्पेशल ट्रेन

चंदौली। छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। इससे दुर्व्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। हालांकि, रेलवे प्रशासन का दावा है कि यात्रियों की सुविधा के लिए कई जरूरी कदम उठाए गए हैं। 40 स्पेशल ट्रेनें डीडीयू मंडल से होकर गुजर रही हैं। वहीं स्पेशल ट्रेनों के 200 से अधिक फेरे लगेंगे। मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

 

उन्होंने बताया कि रेल टिकट की सुलभता हेतु मंडल में 03 अतिरिक्त रिजर्वेशन काउंटर तथा 09 अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें और बढ़ाया जा सकता है। प्रमुख स्टेशनों पर कुल 18 एटीवीएम मशीन कार्यरत हैं। साथ ही एटीवीएम से टिकट लेने में यात्रियों की सहायता हेतु 10 फैसिलिटेटर भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मंडल में  डीडीयू जंक्शन और गया जंक्शन पर दो अतिरिक्त ‘May I Help You’ बूथ भी लगाए गए हैं। स्टेशनों पर यात्रियों की सहायता हेतु अतिरिक्त रेल स्टाफ की तैनाती की गई है। दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं अन्य आवश्यकता वाले यात्रियों हेतु व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर जनता भोजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मंडल के स्टेशनों पर 31 वाटर वेडिंग मशीन उपलब्ध है। अधिकांश मशीन सामान्य श्रेणी के कोच के पास पड़ते हैं। स्टेशनों पर उत्तम लाइटिंग, मोबाइल चार्जिंग और संकेत बोर्ड की व्यवस्था की गई है। बुकिंग काउंटर और वेटिंग हाल में स्पेशल ट्रेनों की लिस्ट प्रदर्शित की गई है। एनटीईएस पर नियमित फीडिंग के साथ स्टेशनों पर स्पेशल ट्रेनों की टाइमिंग और उनके निर्धारित प्लेटफार्म के संबंध में लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है।

 

ट्रेनों के निर्धारित प्लेटफार्म में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। यदि कभी स्टेशन पर किसी ट्रेन का निर्धारित प्लेटफार्म बदलने की आवश्यकता पड़ी तो वह पर्याप्त समय पहले किया जाएगा और इस संबंध में व्यापक अनाउंसमेंट किया जाएगा। डीडीयू जंक्शन और गया जंक्शन पर भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा की निगरानी हेतु रेल अधिकारी और सुपरवाइजर 24 घंटे तैनात किये गये हैं। डीडीयू मंडल सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के उच्च अधिकारियों द्वारा यात्री सुविधा व सुरक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर साफ सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जो सामान्य श्रेणी के कोच में चढ़ने-उतरने के साथ फुटओवर ब्रिज और कॉन्कोर्स होते हुए यात्रियों का कतारबद्ध आवागमन सुनिश्चित कर रहे हैं। प्लेटफार्म और फुट ओवर ब्रिज से पार्सल और अन्य सामान हटाकर उन्हें यात्री आवागमन हेतु अवरोध मुक्त रखा गया है। यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर उनकी सहायता हेतु एनजीओ से भी समन्वय किया जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!