
चंदौली। जिलाधिकारी कार्यालय के पास समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक व धक्कामुक्की के मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका समेत नौ नामजद तथा 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिला मुख्यालय पर धरना के बाद पत्रक सौंपने कलेक्ट्रेट जाते समय सपाइयों की पुलिस से धक्कामुक्की और नोकझोंक हुई थी। इस पर पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दरअसल, जनसमस्याओं को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर धरना दिया था। धरने में पूर्व सांसद रामकिशुन के साथ ही पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू और पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। धरना-प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ता पत्रक सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट जा रहे थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सपाइयों को कलेक्ट्रेट जाने से रोकने का प्रयास किया।
पुलिस ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, सांसद प्रतिनिधि नवीन सिंह, सपा से मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, मुसाफिर सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष डॉ, विनोद बिंद, जिला महासचिव नफीस अहमद गुड्डू के साथ ही 200 से 250 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का आरोप है कि धरनास्थल पर भड़काऊ भाषण दिए जाने की वजह से भीड़ उग्र हो गई और हाथो में डंडा लेकर लहराते और नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग की ओर बढ़ने लगी। भीड़ को रोकने की कोशिश की गई तो सपा नेता और कार्यकर्ता हिंसक हो गए। पुलिस टीम पर हमला किया। पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार, धक्कामुक्की के साथ ही मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि सिर्फ धरना की अनुमति ली गई थी, लेकिन इसका उल्लंघन करते हुए मौके पर चुनावी जनसभा की गई। वहीं कलेक्ट्रेट जाने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो धक्कामुक्की और दुर्व्यवहार किया गया। मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

