
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बुधवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई, जब परिवार के लोग नए मकान पर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ संदिग्धों के हाथ में असलहा भी दिखाई देने की बात सामने आई है।

बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का नया मकान गांव में बना है। मकान की दूसरी मंजिल पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार के लोग रात में नए मकान को बंद कर पुराने घर में सोने चले जाते थे। बुधवार रात भी परिवार के सदस्य पुराने घर में सोने चले गए। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान में प्रवेश कर कमरों को खंगाल डाला।
पीड़ित के मुताबिक चोर घर से 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। सुबह घर पहुंचने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए 112 नंबर पर फोन किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

लगातार चोरी से ग्रामीणों में नाराजगी
धानापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। कुछ दिन पहले धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी होने का मामला सामने आया था। वहीं नरौली काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटना भी हुई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं होने के बावजूद कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे चोरों के हौसले बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

