
चंदौली। विकास खंड सकलडीहा परिसर में आयोजित घरौनी वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि घरौनी वितरण से अब गांव के लोगों को उनकी जमीनों पर कानूनी मालिकाना हक मिलेगा, जिससे भूमि विवादों का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि घरौनी मिलने के बाद ग्रामीण अपनी जमीनों पर ऋण भी ले सकेंगे, जो उनके आर्थिक विकास में सहायक होगा। साथ ही, खेती के कागजों के साथ अब घर के कागजों का भी सरकारी रिकॉर्ड होगा, जिससे किसानों को आसानी होगी।
सुशील सिंह ने यह भी कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है और इस तरह की योजनाएं ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक होंगी। इस अवसर पर 317 ग्रामीणों को घरौनी वितरित की गई।
कार्यक्रम में अनुपम मिश्रा (उप जिलाधिकारी सकलडीहा), अवधेश सिंह (ब्लॉक प्रमुख सकलडीहा), विजय कुमार सिंह (खंड विकास अधिकारी), अमित सिंह (प्रधान), टुनटुन सिंह (प्रधान प्रतिनिधि), रेखा जायसवाल (प्रधान), तहसीलदार, नयाब तहसीलदार समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।