fbpx
चंदौलीराज्य/जिलाशिक्षा

चंदौलीः लापरवाही पड़ रही भारी, एमडीएम बनाते समय रसोई गैस रिसाव से लगी आग, दो रसोइयां झुलसीं

चंदौली। सकलडीहा ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय ताजपुर में सोमवार को मिड डे मील बनाते समय रसोई गैस रिसाव के चलते लगी आग से दो रसोइयां झुलस गईं। स्कूल में हड़कंप मच गया। हालांकि शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया। आंशिक रूप से झुलसी रसोइयों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान काफी देर तक ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

ताजपुर में संचालित कम्पोजिटव विद्यालय में सोमवार को बच्चों के लिए एमडीएम बन रहा था। अचानक रसोई गैस सिलेंडर में लगी पाइप से गैस का रिसाव होने लगा। रसोइयां कुछ समझ पातीं कि आग लग गई। 35 वर्षीय सावित्री और 34 वर्षीय पूनम आंशिक रूप से झुलस गईं। दोनों चीखते-चिल्लाते बाहर भागीं। मौजूद शिक्षकों ने सूझबूझ और तत्परता से तुरंत आग पर काबू पा लिया। प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षकों की तत्परता से कोई हादसा नहीं हुआ। रसोई सिलेंडर में लगी पाइप के लीकेज होने से आग लगी। पाइप बदल दी गई है। बीईओ चन्द्रशेखर आजाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ है। रसोइयां मामूली रूप से झुलसी हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!