चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

सीबीसीआईडी के एडीजी ने मनराजपुर कांड पीड़ितों से दो घंटे तक की पूछताछ, बाहरी लोगों के घर में प्रवेश पर थी सख्त रोक

चंदौली। मनराजपुर कांड की जांच कर रही सीबीसीआईडी की टीम बुधवार को कन्हैया के घर पहुंची। एडीजी ने मृतक निशा यादव के पिता कन्हैया और अन्य घरवालों से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की। घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद टीम रवाना हो गई। इस दौरान मीडिया व बाहरी लोगों के घर में प्रवेश पर सख्त रोक लगाई गई थी।

मनराजपुर में युवती की मौत के मामले में पुलिस पर हत्या के आरोप लगे हैं। इस पर शासन ने घटना की जांच के लिए सीबीसीआईडी की टीम गठित की है। बुधवार को सीबीसीआईडी की लखनऊ व वाराणसी की टीम मनराजपुर गांव पहुंची। एडीजी एलवी एंटनी देव कुमार, एसपी राहुल राज, एएसपी वाराणसी डा. कृष्णगोपाल के साथ सीओ सुनीता सिंह पहुंचे। टीम सीधे कन्हैया यादव के घर के अंदर दाखिल हुई। वहीं परिवार के लोगों से लगभग दो घंटे तक पूछताछ की। घटना के बारे में जानकारी ली। हालांकि अधिकारियों ने जांच को गोपनीय रखते हुए कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पिछले दिनों सीबीसीआईडी की सीओ सुनीता सिंह के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची थी। हालांकि उस दिन मृतका के पिता कन्हैया यादव ने सहयोग नहीं किया। वे सीबीआई से घटना की जांच कराने की मांग पर अड़े रहे। ऐसे में टीम को बैरंग लौटना पड़ा था।

Back to top button
error: Content is protected !!