
चंदौली। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले विपक्षी दलों में भागमभाग मची है। सपा-बसपा कार्यकर्ता, नेता और यहां तक कि विधानसभा का चुनाव लड़ चुके दिग्गज भी भाजपा का दामन थाम रहे। बसपा के टिकट पर सकलडीहा से 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके जयश्याम त्रिपाठी भी बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री और सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय की मौजूदगी में सैकड़ों समर्थकों संग भाजपा का दामन थाम लिया। इसी प्रकार विधानसभा स्तर पर हो रहे बीजेपी सम्मेलन में सपा-बसपा छोड़ लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
ये हुए शामिल
चहनियां के लक्ष्मणगढ़ स्थित लक्षु ब्रह्म बाबा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सपा जिला उपाध्यक्ष अभिमन्यु मिश्रा, धानापुर विधानसभा से बसपा के पूर्व प्रत्याशी रहे रामहर्ष चंद्रन, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव और खंडवारी देवी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डा. आशुतोष सिंह कैलाशी, पूर्व प्रधान शशिकांत मिश्रा, बीडीसी मनोज यादव, रामविलास पांडेय समेत अन्य भाजपा में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने सभी का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भारत को मजबूत बनाने को भाजपा को बनाएं मजबूत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। ऐसे में भारत को मजबूत बनाने के लिए मोदी जी और भाजपा को मजबूत बनाना जरूरी है। किसी संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं में होती है। इतनी भारी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे संगठन को निश्चय ही मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिला महामंत्री जीतेंद्र पांडेय, पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र पांडेय, संयोजक भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ डा. केएन पांडेय, ब्लाक प्रमुख अरूण जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे।