fbpx
GK अपडेटचंदौलीराज्य/जिला

जारी रहेगी मौसम की बेरुखी, हाल फिलहाल अच्छी बारिश के आसार नहीं, जानिए कैसा रहेगा चंदौली में मौसम का हाल

चंदौली। मानसून द्रोणी स्थानांतरित होकर मध्य भारत पहुंच गई है। इससे बारिश में व्यापक कमी आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हाल के दिनों में अच्छी बारिश के आसार नहीं है। कहीं-कहीं बूंदाबादी हो सकती है। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। बारिश न होने से गर्मी व उमस से जहां जनमानस बेहाल है। वहीं किसानों के लिए भी चिंता बढ़ गई है। धान की रोपाई का काम प्रभावित हो रहा है।

राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 20 जून को चुर्क के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने के पश्चात 29 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 30 जून को संपूर्ण प्रदेश में मानसून पहुंच गया था। उत्तरी भारत में बनी सीजनल पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी के समानांतर बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त पुरवा हवाओं की तीव्रता बढ़ने के कारण 28 जून से ही प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया था। इसके बाद मानसूनी द्रोणी के अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की तरफ मध्य भारत के ऊपर स्थानांतरित होने के फलस्वरूप प्रदेश में बारिश में व्यापक कमी आने के साथ ही तापमान में प्रभावी वृद्धि दर्ज की गई। मानसून ऋतु के दौरान संचयी वर्षा 56.5 मिलीमीटर रही, जो इस अवधि के अपने दीर्घकालिक औसत से 56ः कम है। इसी क्रम में 08 जुलाई को चंदौली का दिन का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं 0.5 मिलीमीटर की मामूली बारिश दर्ज की गई। वर्तमान भू-भौतिकीय एवं ऊष्मागतिकीय परिस्थितियों के अंतर्गत जिले में आगामी दिनों में कोई प्रभावी बारिश होने की संभावना नही है, यद्यपि अवशेष नमी के कारण तड़ित झंझा के साथ यदा कदा बूंदाबांदी होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बने रहने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!