fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : सकलडीहा व ताराजीवनपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारे गूंजे

चंदौली। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को बीजेपी की ओर से सकलडीहा और ताराजीवनपुर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने नेतृत्व किया। यात्रा की शुरुआत कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर की, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मुख्य चौराहों तक पहुंची। पूरे रास्ते “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।

 

सूर्यमुनी तिवारी ने कहा कि तिरंगा मात्र एक झंडा नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, स्वतंत्रता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि राष्ट्रध्वज का हमेशा सम्मान करें और आने वाली पीढ़ियों को इसके महत्व से अवगत कराएं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान ने देशवासियों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया है।

 

यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और तिरंगे के सम्मान में अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए। यात्रा ने न केवल देशभक्ति का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सौहार्द का भी उदाहरण पेश किया।

 

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां सभी उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता व अखंडता के लिए समर्पण का संकल्प लिया। यात्रा में ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह, मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान, अरुण मिश्रा, संजय पाण्डेय, विजय गुप्ता, मुसाफिर प्रजापति, रामसुंदर चौहान, शैलेन्द्र पाण्डेय, भानु चौहान, विवेक सिंह, अरुण चौहान, रामजी गोंड, कमलापति पाण्डेय, रामबिलास चौहान, राजकुमार मौर्या, दिनेश गोंड, रामभरोश गुप्ता और मंजीत यादव सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी, युवा व आम लोग शामिल हुए।

 

 

Back to top button