fbpx
ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : नरायनपुर पंप कैनाल मुख्य नहर का तटबंध टूटा, 100 बीघा खेत जलमग्न, किसानों का फूटा गुस्सा, सड़क किया जाम

चंदौली। जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित गोधना गांव के पास शनिवार सुबह नरायनपुर पंप कैनाल की मुख्य नहर का तटबंध टूटने से लगभग 100 बीघा फसल जलमग्न हो गई। 50 से अधिक घरों में पानी घुस गया। इससे किसान आक्रोशित हो गए। किसानों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आलाधिकारियों के समझाने पर माने।

 

नरायनपुर पंप कैनाल जिले की प्रमुख सिंचाई परियोजना है, जिससे हजारों एकड़ भूमि की सिंचाई की जाती है। शुक्रवार रात विभागीय कर्मियों द्वारा नहर में आवश्यकता से अधिक पानी छोड़ा गया, जिससे शनिवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के पास नहर का पानी ओवरफ्लो हो गया। इसी दौरान गोधना गांव के पास तटबंध का कमजोर हिस्सा टूट गया और तेज धारा खेतों और रिहायशी इलाकों में घुस गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि तटबंध की स्थिति पहले से ही जर्जर थी और इसकी मरम्मत की मांग कई बार की जा चुकी थी, लेकिन विभाग ने इसे नजरअंदाज किया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, जिससे किसान सदमे में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध से पानी पहले भी कई बार ऊपर से बहता देखा गया था, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

 

पीड़ित किसान रामेश्वर यादव ने बताया, “हमने रात में ही नहर का जलस्तर बढ़ने की सूचना दी थी, लेकिन कोई अधिकारी नहीं आया। अब हमारी पूरी मेहनत बर्बाद हो गई। मुआवजा नहीं मिला तो हमसभी आंदोलन करेंगे।” महिला किसान कमला देवी ने बताया कि उनके खेत में तैयार धान की पूरी फसल डूब गई, अब जीवन यापन मुश्किल हो गया है। वहीं अधिशासी अभियंता रवि मिश्रा ने कहा कि विभागीय टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है। सभी पंपों को बंद कर दिया गया है ताकि जलस्तर नियंत्रित किया जा सके।

Back to top button