
चंदौली। सदलपुरा गांव में युवक ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शिवम गोंड़ के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग (30 वर्ष) बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने की वजह पत्नी से चल रहा विवाद माना जा रहा है।
शिवम की शादी नीतू नामक युवती से हुई थी और दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं। कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। हाल ही में हुए विवाद के बाद नीतू अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। तभी से शिवम मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
घटना के समय शिवम घर पर अकेला था। उसके पिता मनीष गोंड़, जो गांव के ही एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के यहां खाना बनाने का काम करते हैं, रोज की तरह काम पर गए थे। जब वह शाम को घर लौटे तो देखा कि शिवम साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक के ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।