fbpx
ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज :  चहनियां में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ, 1.62 लाख पौधों का पौधारोपण

चंदौली। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” पौधारोपण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत बुधवार को चहनिया ब्लॉक मुख्यालय परिसर में की गई। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल और खंड विकास अधिकारी राजेश नायक ने चितवन का पौधा लगाकर इस वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

 

इस अभियान के अंतर्गत पूरे चहनिया विकासखंड की ग्राम पंचायतों में लगभग 1 लाख 62 हजार पौधे लगाए गए, जिनमें आम, अमरुद, आंवला, इमली, नीम, अशोक, पीपल और बरगद जैसे छायादार और फलदार वृक्ष प्रमुख हैं। ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री की पर्यावरण संरक्षण की दूरदर्शी सोच का हिस्सा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मां और धरती माता के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।

 

खंड विकास अधिकारी राजेश नायक ने इसे मातृ सम्मान और पर्यावरण चेतना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का प्राण तत्व हैं और इनका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी दर्जनों फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया।

 

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार, एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित, ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद यादव, एकाउंटेंट जितेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Back to top button