
चंदौली। रामनवमी के शुभ अवसर पर धानापुर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन विधायक सुशील सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान राम और हनुमानजी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। मंदिर के पुनर्निर्माण को एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल बताया। मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 95.82 लाख बजट को मंजूरी दी गई है।
विधायक ने बताया कि मंदिर में हाल, शौचालय ब्लॉक, मुख्य द्वार और बाउंड्री वॉल के निर्माण हेतु उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा 95.82 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास हेतु लगातार कार्य कर रही है और इसी क्रम में यह योजना स्वीकृत की गई है।
स्थानीय लोगों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए मंदिर के विकास को क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। इस अवसर पर सुशील सिंह ने क्षेत्रवासियों को राम नवमी की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा स्थापना दिवस पर भी विशेष चर्चा की गई। विधायक ने भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को विस्तार से बताया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी से रमेश यादव (जिला उपाध्यक्ष) और सेवानिवृत्त मेजर संजय यादव ने भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख धानापुर अजय सिंह, सत्यवान मौर्य, राजेश तिवारी, नरेंद्र तिवारी, शशिकांत रस्तोगी, गोपाल बिंद, नंदकुमार पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुकुंद रस्तोगी और संचालन राजेश्वर सिंह ने किया।