fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली में रिटायर्ड रेल कर्मचारी की हत्या, नहर की पुलिया पर मिला शव

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के दिघवट गांव में रविवार को भोर में टहलने निकले रिटायर्ड रेल कर्मचारी 70 वर्षीय बीरबल मौर्य की हत्या कर दी गई। शव गांव से गुजरी नहर की पटरी पर मिला। ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वृद्ध के सिर से खून निकल रहा था। जिससे लग रहा था कि सिर पर प्रहार कर घटना को अंजाम दिया गया है। ग्रामीण उच्चाधिकारियों और डाग स्क्वायड टीम को बुलाने की मांग पर अड़ गए और शव के साथ मौके पर ही धरना दे दिया। जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और सकलडीहा विधान सभा प्रभारी भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब जाकर ग्रामीण माने। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
रविवार को भगवान भाष्कर का उदय भी नहीं हुआ था कि हत्या की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दिघवट गांव निवासी सेवा निवृत्त रेल कर्मचारी बीरबल मौर्य की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। वह सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हत्यारों की गिरफ्तारी और उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। आशंका जताई जा रही है कि बीरबल ने कुछ देखा और विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी गई। मिलनसार स्वाभाव के बीरबल की मौत से पूरा गांव मर्माहत है। बहरहाल सदर कोतवाली पुलिस के मनाने पर ग्रामीण नहीं माने तब भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने नाराज लोगों को समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब जाकर लोग शांत हुए और शव को पुलिस को सिपुर्द किया। घटना से गांव में तनाव व्याप्त है।

Leave a Reply

Back to top button