fbpx
weatherचंदौली

गंगा बाढ़ : प्रभावित लोगों की मदद के लिए बना कंट्रोल रूम, गंगा का जलस्तर स्थिर, बारिश की चेतावनी जारी  

चंदौली। जिले में गंगा का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। सोमवार की रात से जलस्तर स्थिर है। फिर भी गंगा खतरे के निशान से लगभग एक मीटर ऊपर बह रही हैं। इससे तटवर्ती इलाके के गांव जलमग्न हो गए हैं। वहीं ग्रामीणों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां 24 घंटे कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

 

पर्वतीय इलाकों में बारिश और दूसरे प्रांतों से पानी छोड़े जाने की वजह से गंगा उफान पर हैं। इसका असर तटवर्ती इलाकों में देखने को मिल रहा है। मुगलसराय व सकलडीहा तहसील के दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गांवों व कस्बों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। प्रशासन बाढ़ पीढ़ितों की मदद में जुटा है। इसके लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बना है। इसका नंबर 05412-262557 है। यहां लिपिक संवर्ग के कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। 24 घंटे कर्मी मौजूद रहेंगे। ऐसे में लोग इस पर फोन कर अपनी समस्या बता सकते हैं। प्रशासन की ओर से इसके समाधान का प्रयास किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां कर्मियों को नियुक्त किया गया है। प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

flood

मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें चंदौली भी शामिल है। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों में दुश्वारियां और बढ़ सकती हैं। हालांकि इस बार मानसून सीजन में मौसम विभाग के पूर्वानुमान कई बार गलत साबित हुए हैं।

Back to top button