
चंदौली। ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने वाले 75 पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संख्या पर सम्मानित किया गया। एसपी अंकुर अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। साथ ही आगे भी लगन और निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।
बेहतर काम के लिए जिले के आठ निरीक्षकों, छह उपनिरीक्षकों को प्रशस्ति पत्र मिला। इन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपना अहम योगदान दिया। इसके अलावा फायर सर्विस के एक व विभिन्न थानों व दफ्तरों में तैनात 15 मुख्य आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा 45 आरक्षियों को भी काम का ईनाम मिला। प्रशस्ति पत्र पाकर पुलिसकर्मियों के चेहरे पर खुशी व गर्व के भाव दिखे। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। इसलिए पूरी ईमानदारी के साथ ड्यूटी निभाएं। जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें, ताकि उनका भरोसा पुलिस पर कायम रहे।