
शहाबगंज में पुलिस के लौटते ही मारपीट का आरोप, अनिल चौहान के सिर में लगी चोट
संवाददाता-बाबू चौहान
शहाबगंज (चंदौली)। थाना शहाबगंज क्षेत्र के केराडीह गांव में शनिवार शाम गाली-गलौज के विरोध पर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि डायल 112 की पुलिस के लौटने के बाद तीन लोगों ने अनिल चौहान के साथ मारपीट की, जिसमें उनके सिर में चोट लग गई। पीड़ित ने थाना शहाबगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे गुड्डू उर्फ प्रकाश पुत्र कल्लू उनके बेटों के साथ गाली-गलौज कर रहा था। अनिल चौहान ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और वापस लौट गई।
आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद गुड्डू उर्फ प्रकाश, बलवंत पुत्र गुड्डू और मोनू पुत्र प्रकाश ने पुलिस बुलाने से नाराज होकर अनिल के साथ फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान अनिल के सिर में आंख के ऊपर हाथ में पहने कंगन से चोट लग गई। पीड़ित ने शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगने की बात कही है।
अनिल के मुताबिक, किसी तरह वह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

