
चंदौली। सकलडीहा तहसील परिसर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न जनहितकारी मांगों को लेकर शुक्रवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने किया। इस दौरान दर्जनों की संख्या में जुटे सपाइयों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आठ सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया और उपजिलाधिकारी कुन्दन राज कपूर को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान, नौजवान और आम जनता परेशान है। किसानों को समय से खाद और बीज नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि धान खरीद में बिचौलियों की सक्रिय भूमिका के चलते वास्तविक किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर के नाम पर धांधली की जा रही है और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
सपाइयों ने अपनी मांगों में किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने, धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने, नई बनी सड़कों पर स्ट्रीट लाइटिंग की समुचित व्यवस्था करने, निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने सहित अन्य मुद्दे शामिल किए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर सरकार विरोधी नारों से तहसील परिसर गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान उपजिलाधिकारी कुन्दन राज कपूर ने मौके पर पहुंचकर सपाइयों से बातचीत की और उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मांगों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी के आश्वासन के बाद विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के निर्देश पर धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कर दिया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, अनिल चौहान, अनिल यादव, शशिकांत राजभर, फ़ज़ल ख़ान, शिवानंद शर्मा आदि मौजूद रहे।

