क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली पुलिस ने पकड़ा बीयर से भरा ट्रक, कीमत 61 लाख, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चंदौली। चंदौली पुलिस ने एक ट्रक से पंजाब निर्मित भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई जा रही है।

एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाराणसी से बिहार की ओर जा रहे एक ट्रक में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर नवीन मंडी चौकी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई 1210 पेटी ‘HOWARD 500’ ब्रांड (मेड इन पंजाब) बीयर बरामद हुई।

बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर (29,040 कैन) है। मौके से गिरफ्तार दोनों तस्करों की पहचान मूला राम (28 वर्ष) एवं हितेन्द्र कुमार (25 वर्ष) निवासी जनपद बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह खेप पंजाब से लेकर बिहार के औरंगाबाद जिले में पहुंचाने जा रहे थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर पांच हजार रुपये मिलते थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने ट्रक में केवल भूसी लदी होने की बात बताकर गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!