
रंधा सिंह की रिपोर्ट….
चंदौली। जिले के मिनी महानगर माने जाने वाले पीडीडीयू नगर की बदहाल सड़कें विकास के दावों की पोल खोल रही हैं। नगर के प्रमुख मार्गों पर गड्ढों की भरमार है। कई जगहों पर सड़क टूटी है और गिट्टियां उखड़ गई हैं। इससे आवागमन करने में नगरवासियों को तमाम तरह की दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं।
योगी सरकार में विकास का मुद्दा सबसे अहम है। नेताओं के साथ ही शासन-प्रशासन की ओर से भी विकास के तमाम दावे किए जाते हैं, लेकिन पीडीडीयू नगर में ये दावे धरातल पर उतरने नहीं दिख रहे हैं। गल्लामंडी से कसाब महाल होते हुए काली महाल जीटी रोड मार्ग, लाठ नंबर दो गल्लामंडी जीटी रोड मार्ग, सब्जी मंडी और कालीमहाल जाने वाला मार्ग, लाठ नंबर दो से कैथा, छिमिया, मवईं सहजौर जाने वाला मार्ग बदहाल है।
प्रमुख मार्ग क्षतिग्रस्त है। इन मार्गों पर गड्ढे बन गए हैं। इससे परेशानी हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत मानसून सीजन में झेलनी पड़ सकती है। बारिश के दौरान गड्ढायुक्त टूटी सड़कों पर आवागमन करना लोगों के लिए मुश्किल का सबब बन जाता है। विधायक व नगर पालिका चेयरमैन की ओर से विकास के तमाम दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत इससे परे है।