ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता में प्रबुद्धजनों की भूमिका अहम, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद, समाज को सही देने का आह्वान

चंदौली। वर्तमान सामाजिक और राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में वैचारिक चेतना, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण को मजबूत करने में प्रबुद्ध जनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षित और अनुभवी लोगों के कंधों पर समाज को सही दिशा देने तथा नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने की बड़ी जिम्मेदारी है। यह बातें बुधवार को गोधना स्थित होटल पार्क ग्रीन में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहीं।

 

‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रबुद्ध जनों की भूमिका’ विषय पर आयोजित संवाद में मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में प्रबुद्ध वर्ग का महत्वपूर्ण योगदान है। समाज के निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रबुद्ध जन अपने ज्ञान, अनुभव और विचारों के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन करते हैं। इसलिए उन्हें सामाजिक एकता और सकारात्मक वैचारिक चेतना को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए।

 

कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त रेल अधिकारी एमके तिवारी, भाजपा के चंदौली जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, संतोष कुमार गुप्त, चंदेश्वर जायसवाल और ओमप्रकाश सिंह ने भी अपने विचार रखे।

 

समाज को दिशा देने की जिम्मेदारी निभाएं प्रबुद्ध जन

विषय प्रवर्तन करते हुए कार्यक्रम संयोजक डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि आज समाज की नजर प्रबुद्ध लोगों पर टिकी है। उनसे अपेक्षा है कि वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए भटके हुए लोगों और समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक प्रबुद्ध व्यक्ति चाहे वह किसी भी क्षेत्र से जुड़ा हो, उसे समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए।

 

कार्यक्रम के दौरान चंद्र सुधीर और राम प्रकाश को उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अंत में नित्या उपाध्याय की ओर से प्रस्तुत वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. अनिल यादव ने किया। प्रो. सतीश सिंह ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल, विकास शर्मा, श्याम सुंदर सिंह एडवोकेट, प्रवेश रावत, डॉ. मुकेश प्रताप सिंह, राकेश सिंह, रामप्रवेश मिश्रा, राम बालक राम यादव, मोहम्मद शमशाद, सतीश जिंदल, डॉ. विष्णु आनंद, उमाशंकर राय और संजय शर्मा समेत सैकड़ों प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!