क्राइमख़बरेंचंदौली

सैयदराजा में 1.20 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, ट्रक और बोलेरो समेत दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक और बोलेरो वाहन के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

 

शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने NH-19 पर बरठी कमरौर पेट्रोल पंप के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पेट्रोल भरवाने के लिए रुके ट्रक (NL01AF3253) की जांच की गई। शुरुआती जांच में ट्रक में पुट्टी की बोरियां मिलीं, लेकिन गहन तलाशी लेने पर उनके पीछे छिपाकर रखी 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक अली बक्श (27 वर्ष) निवासी ग्राम सहारा, थाना तलझारी, जिला दुमका (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ट्रक के साथ चल रही महिंद्रा बोलेरो (UP13BD0011) से ट्रक को लोकेशन देने वाले मुरताज अंसारी (40 वर्ष) निवासी ग्राम चित्रपोका, थाना मोहनपुर, जिला देवघर (झारखंड) को भी गिरफ्तार किया गया।

बरामद शराब में रॉयल स्टेज, इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स ब्रांड की कुल 710 पेटियां (6325.92 लीटर) शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक, बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।

इस मामले में थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 79/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!