चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौली तीन हेलीपैड, दो लाख भीड़ जुटने का दावा, कुछ ऐसी होगी पीएम की जनसभा

 

चंदौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन मार्च को जिले में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यालय स्थित नवीन मंडी के समीप माधोपुर में जनसभा की तैयारी जोरों पर है। पीएम के हेलीकाप्टर उतरने के लिए तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। वहीं संगठन दो लाख भीड़ जुटने का दावा कर रहा है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी ने संभाल ली है। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। वहीं एक लाख लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जा रही हैं। मंगलवार को कार्यक्रम की तैयारी देखने पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीप्रकाश पाल ने चंदौली की चारों विधानसभा सीटों पर जीत का दावा किया।

उन्होने कहा कि धान की कटोरे के रूप में चंदौली की पहचान है। यहां किसानों के फसलों की सिंचाई, खाद और बीज के मुद्दे को भाजपा सरकार के काफी हद तक निदान कर दिया। अब किसान भाजपा के साथ है। बताया कि पीएम के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रना‌थ पांडेय भी जनसभा को संबोधित करेंगे। बोले, पांच चरणों के चुनाव के बाद विपक्ष के नेता हताश हो गए है। भाजपा को पूर्ण बहुमत से अधिक सीट मिल चुकी है। सात चरणों के चुनाव के भाजपा तीन से पार पहुंच जाएगी। जनता अब विकास के मुद्दे पर भाजपा के साथ है। सपा सरकार में गुंडो और बाहुबलियों की चलती थी। लेकिन अब ऐसे लोगों पर बाबा का बुल्डोजर चल रहा है। प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बनाने में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों पर सख्ती की।

एसपीजी के अफसर कर रहे निगरानी
पीएम की जनसभा की तैयारी एसपीजी के अफसरों की निगरानी में चल रही है। तीन हेलीपैड और मंच के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी के हवाले रहेगी। एसपीजी ने दो दिन पहले से ही जिले में डेरा डाल दिया है। एसपीजी के अफसर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु से लगातार संपर्क में है।

हेलीकाप्टर की लैंडिंग का हुआ रिहर्सल
कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड बनाने का काम तेजी से चल रहा है। एक हेलीपैड बनकर तैयार हो गया है। इस पर हेलीकाप्टर की टेस्टिंग लैंडिंग कराई गई। एसपीजी के अधिकारियों की देखरेख में लैंडिंग का रिहर्सल पूरा हुआ। तैयारी पूरी करने के लिए अब मात्र एक दिन का समय बचा है। ऐसे में दिन-रात काम कराया जा रहा है।

जनसभा के लिए कटवा दी 25 बीघा फसल
प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए जिले में कहीं पर्याप्त स्थान नहीं था। ऐसे में माधोपुर में सिवान में पंडाल लगाया जा रहा है। हाईवे से लगभग आधे किलोमीटर दूरी पर पीएम की जनसभा होगी। ताकि लोग आसानी से पहुंच सके। इसके लिए किसानों की 25 बीघा गेहूं व जौ की फसल कटवा दी गई है। हालांकि किसानों को इसके बदले मुआवजा दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!