चंदौलीराज्य/जिला

सड़क हादसे में अधेड़ की मौत: सकलडीहा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान, परिवार में मचा कोहराम

चंदौली। चहनियां से सकलडीहा मार्ग पर भगवानपुर के पास सड़क हादसे में 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चहनियां थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी पुनवासी गुप्ता को सकलडीहा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक परीक्षण और उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुनवासी गुप्ता अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके चार बेटियां और एक छोटा बेटा है। परिवार के मुखिया की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!