
चंदौली । सड़क सुरक्षा को लेकर शहाबगंज पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े डंपर चालकों और वाहन मालिकों के साथ बैठक आयोजित की। धीमी गति से वाहन चलाने और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि डंपर जैसे भारी वाहनों का संचालन बेहद जिम्मेदारी भरा कार्य है। सभी चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि तेज रफ्तार, लापरवाही और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चालकों को निर्देशित किया कि वाहन चलाते समय पूरी तरह होश में रहें और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें। साथ ही अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा।
वाहन मालिकों को भी हिदायत दी गई कि वे अपने चालकों को नियमित रूप से जागरूक करें और वाहनों की फिटनेस व जरूरी दस्तावेज हमेशा दुरुस्त रखें।
थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

