
चंदौली । सोमवार को चहनियां ब्लॉक में ‘स्कूल चलो अभियान’ और सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैदराजा विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह में हरधन प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी दीक्षित ने किया।
इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले 97 सेवानिवृत्त शिक्षकों और 2 शिक्षा मित्रों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में विधायक सुशील सिंह ने कहा कि शिक्षा जीवन की आधारशिला है और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना समाज की प्रगति संभव नहीं है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सकलडीहा विधानसभा प्रभारी सूर्यमुनी तिवारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार मौजूद रहे। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश सहाय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान संदीप सिंह, अजय सिंह, मनोज गुप्ता, सत्येंद्र सिंह ‘बब्बू’, फजल अहमद, वीरेंद्र यादव, इम्तियाज अहमद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

