fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: मानस नगर कॉलोनी में दारू पार्टी के दौरान युवक को मारी गोली, अवैध गतिविधियों का अड्डा बने रेलवे क्वार्टर, अपराध रोकने में अलीनगर पुलिस फेल

Chandauli News अलीनगर थाना क्षेत्र के मानस नगर कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या 1404 में शनिवार रात दारू पार्टी के दौरान उपजे विवाद में  एक युवक ने अपने ही साथी पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली सुनील यादव 32 वर्ष के कंधे में लगी, जो आरपार हो गई। घायल सुनील को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बारे में जानकारी मिली है कि फायरिंग करने वाला युवक हरिओम वर्मा है, जो पटपरा इलाके में प्लॉटिंग का काम करता है। वहीं पार्टी में मौजूद एक अन्य युवक की पहचान रिशु सिंह के रूप में हुई है, जो कुरहना गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, जिस क्वार्टर में यह घटना हुई, वह अवैध रूप से कब्जा किया गया था और वहां अक्सर शराब की पार्टियां आयोजित होती थीं।

घायल युवक सुनील यादव का मुंबई में खटाल (डेयरी) का व्यवसाय है। घटना के बाद अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानस नगर कॉलोनी के रेलवे क्वार्टर अब अवैध गतिविधियों और अय्याशी के अड्डे बन चुके हैं। बावजूद इसके अलीनगर पुलिस ऐसे अड्डों पर कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

एसपी अनंत चंद्रशेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।  युवक को पिस्टल से गोली मारी गई है, फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और खतरे से बाहर है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करेगी।

Back to top button