क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: डिलीवरी के बाद महिला की संदिग्ध मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही के आरोप, परिजनों का हंगामा

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद 25 वर्षीय प्रसूता रिंका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना से परिजनों में आक्रोश फैल गया। चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

बरउझी गांव  निवासी अमन कुमार ने प्रसव पीड़ा होने पर अपनी बहन रिंका कुमारी को दुबेपुर स्थित बी एन सर्जिकल सेंटर में सोमवार सुबह भर्ती कराया। चिकित्सकों ने ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म तो करा दिया, लेकिन शाम होते-होते महिला की हालत अचानक बिगड़ने लगी।

परिजनों का आरोप है कि महिला की स्थिति गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने उसे बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान अस्पताल संचालक के मौके से फरार होने की भी बात सामने आई है। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि अस्पताल बिना मानकों और वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!