चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

समर्थक के घर से सपा का झंडा उतारने को लेकर बीजेपी विधायक और पूर्व विधायक मनोज के समर्थक आमने-सामने

चंदौली। आखिरी चरण के चुनाव प्रचार में साम, दाम दंड, भेद का पुट शामिल हो गया है। सैयदराजा विधानसभा अंतर्गत रेवसां गांव में महिला समर्थक के घर से सपा का झंडा उतारने को लेकर बीजेपी विधायक और पूर्व विधायक मनोज सिंह के समर्थक आमने-सामने आ गए। आरोप है कि गोंड जाति की महिला के घर से सपा का झंडा उतारने का दबाव बनाया। लेकिन महिला ने उनकी बातों को सुनने से इंकार कर दिया। जांनकारी होने पर सपा प्रत्याशी मनोज सिंह डब्लू भी महिला से मिले और जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने की मांग की।

बरहनी विकास खंड की छाया देवी ने आरोप लगाया कि विधायक के समर्थक कल उनके घर आए थे। लोग सपा का झंडा उतारने और प्रचार नहीं करने का दबाव बना रहे थे। इसमें बरहनी के ग्राम प्रधान सहित और कुछ अन्य लोग शामिल थे। लेकिन महिला ने उनकी एक नहीं सुनी और लोगों को बैरंग लौटा दिया। वहीं शुक्रवार को मामले की भनक जैसे ही पूर्व विधायक को लगी वह रेवसां गांव पहुंच गए और महिला से पूरे घटनाक्रम के बाबत जानकारी प्राप्त की। आरोप लगाया कि गोंड समाज के घर से जबरदस्ती सपा का झंडा उतारने के लिए कुछ गुंडे आए थे। लेकिन सैयदराजा में बाहुबलियों को जनता करारा जवाब देने का तैयार है। वैसे भी सैयदराजा विधायक और पूर्व विधायक मनोज सिंह की राजनीतिक प्रतिद्वंदिता जग जाहिर है। मनोज ने 2012 में माफिया डान बृजेश सिंह को निर्दल ही चुनाव में पछाड़ दिया। जबकि सुशील सिंह ने 2017 में मनोज को शिकस्त देकर चाचा की हार का बदला लिया। इस बार फिर दोनों नेता आमने-सामने हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!