
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के भोजूबीर स्थित यूपी कॉलेज में शुक्रवार को छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात कॉलेज के प्रिंसिपल के सामने हुई। आरोपी ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद असलहा फेंककर भाग गया। घटना के बाद परिसर में अफरातफरी मच गई। तनाव को देखते हुए घटना की सूचना के बाद अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस घटना से आक्रोशित छात्रों को समझाने में जुटी रही।

गाजीपुर जिले के निवासी सूर्य प्रताप सिंह (20 वर्ष) यूपी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। शुक्रवार को उसे गोली मारी गई। छात्र को चार गोलियां लगीं। इससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। घायल छात्र को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। हालांकि चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी मनजीत चौहान भी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। वह शिवपुर थाना के चांदमारी इलाके का रहने वाला है। छात्रों के अनुसार शुक्रवार की दोपहर अचानक बम फटने जैसी आवाज आई। इसके बाद भागकर बाहर पहुंचे तो देखा मनजीत असलहे से फायरिंग कर रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद वह असलहा वहीं फेककर भाग गया।

छात्रों का आरोप है कि घटना प्रिंसिपल के सामने हुई। घटना से आक्रोशित छात्र कॉलेज का गेट बंदकर धरने पर बैठ गए। वहीं परिसर में बवाल शुरू हो गया। सूचना के बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी प्रमोद कुमार के साथ ही सात थानों की पुलिस और सुरक्षा बल पहुंचे। पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। इस दौरान एसीपी से छात्रों की हॉट-टाक भी हो गई। पुलिस कमिश्नर ने छात्रों से बातकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस और एसओजी की टीमें आरोपी छात्र की गिरफ्तारी में जुटी हुई हैं।

