
चंदौली । धीना थाना क्षेत्र के बरहन गांव में सोमवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। एक ही दिन में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
कुएं में गिरने से इंटर के छात्र की मौत
गांव निवासी अनुज कुमार (18) की खेत पर स्थित कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अनुज सुबह करीब 11 बजे खेत की ओर गया था। वह कुछ देर तक कुएं के पास बैठा रहा। इसी दौरान उठते समय उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। डूबने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ युवकों ने साहस दिखाते हुए कुएं में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद अनुज को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
अनुज वर्तमान में धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था। परिवार में पिता किसान हैं। बड़ा भाई मोहित (22) वाराणसी में पढ़ाई करता है, जबकि बहन राजकिशोरी स्नातक की छात्रा हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया पैर फिसलने से कुएं में गिरकर डूबने की बात सामने आई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
किसान की करंट लगने से मौत
इसी दिन दोपहर लगभग 11:40 बजे गांव में एक और हृदयविदारक घटना हुई। गांव निवासी लखेदर मौर्य (26) पुत्र राम अवध अपने खेत में सबमर्सिबल पंप से सिंचाई कर रहे थे। तभी पास स्थित ट्रांसफार्मर से अचानक तेज धमाका हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आवाज सुनकर लखेदर मशीन की ओर दौड़े। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से जलता हुआ तार नीचे गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सोनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वर्ष 2021 में उनकी शादी हुई थी। परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं—शिवानी (4 वर्ष) तथा जुड़वा बेटियां श्रेया और श्रुति (2 वर्ष)। इस असमय मौत से मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
गांव में पसरा सन्नाटा
लगातार दो दुखद घटनाओं से बरहन गांव में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही दिन में दो युवकों की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हर घर में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

