क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: प्रेम विवाह का खौफनाक अंत, चकिया में पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी पति फरार

चंदौली।  चकिया कोतवाली के भीषमपुर गांव में सोमवार की देर रात खौफनाक वारदात हुई।  एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, भीषमपुर गांव निवासी सनी कुमार मौर्य (24) और बबली गौड़ (22) ने लगभग ढाई वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। दोनों ने जीआईसी इंटर कॉलेज चकिया में पढ़ाई के दौरान एक-दूसरे को पसंद किया था। विवाह के बाद दोनों परिवार से अलग गांव में ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से दंपति के बीच आपसी विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। सोमवार की देर रात यह विवाद अचानक उग्र हो गया। आरोप कि इसी दौरान सनी मौर्य ने पत्नी बबली की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय आरोपी घर में अकेला था।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर बबली अचेत अवस्था में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। प्रेम विवाह का यह दर्दनाक अंत क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!