चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौली में किसान आंदोलन की अलख जगाएंगे टिकैत, यहां करेंगे पंचायत

चंदौली। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत चंदौली में भी किसान आंदोलन की अलख जगाएंगे। नौ अप्रैल को इलिया क्षेत्र के भिटिया गांव में किसान विकास मंच के आठवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। गुरुवार को बिहार के रोहतास के करहगर की किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए जा रहे किसान नेता राकेश टिकैत का पड़ाव चाौराहा व सैयदराजा में फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। किसानों से लामबंद होकर संघर्ष करने की अपील की।

उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने किसानों की जमीन हड़पने की योजना बनाई है। इसके लिए तीन कृषि कानून तो लागू कर दिए गए लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी के लिए कोई कानून नहीं बना। सरकार ने देश के पूंजीपतियों व बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों से साठ-गाठ कर किसानों की जमीन हड़पना चाहती है। हालांकि सरकार के मंसूबे कामयाब नहीं हो पाएंगे। आखिरी सांस तक आंदोलन जारी रखूंगा। उन्होंने किसानों से भी हक के लिए आगे आने की अपील की। बोले, अपने हक और अधिकार के लिए किसान आगे आएं। किसी के बहकावे में आकर गुमराह होने की जरूरत नहीं है। सरकार से कई बार बातचीत हुई लेकिन अड़यिल रवैये की वजह से कोई हल नहीं निकल पाया। कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रीय प्रवक्ता को आंदोलन जारी रखने का भरोसा दिलाया। कार्यकर्ता बोले, संगठन के मानकों पर चलते हुए किसानों के हक की लड़ाई जारी रखेंगे। सरकार को किसी भी कीमत पर मनमानी नहीं करने दिया जाएगा। दौरान भाकियू के राष्ट्रीय सचिव सुरेश यादव, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजबहादुर सिंह, दिनेश पांडेय, पारसनाथ तिवारी, भगवान राम, किशुन राम मौजूद थे। इसके पूर्व पड़ाव चैराहे पर समाजवादी जन परिषद व संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता का स्वागत किया।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!