
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के सहजौर गांव के समीप रिंग रोड पर बीते दिनों चार लोगों को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लाइन में मीडिया के सामने एसपी आदित्य लांघे ने घटना की जानकारी दी। बताया वांछित आरोपित सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह निवासी सहजौर को सोमवार को सहजौर ग्राम से पहले भीखपुर रौना रोड अंडर पास के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के कब्जे से एक असलहा व बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय पुलिस को ओर से अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी राम प्रसाद यादव पुत्र स्व हीरालाल यादव पता मवई कला थाना मुगलसराय की ओर से थाना स्थानीय पर तहरीर दिया गया कि 28 फरवरी को रात्रि में सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नु सिंह व उसके साथ उनके भाई वादी राम प्रसाद के पुत्र सोनू यादव व उसके भांजे राकुमार यादव उर्फ गोलू व उनके तीन अन्य साथी जिनका नाम कृष्णा यादव ,अक्षय यादव ,प्रमोद कुमार यादव को गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया गया था सभी घायल व्यक्तियों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहा उनका उपचार चल रहा है। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर रविवार को पुलिस की ओर से मुकदमा अपराध संख्या-96/2026 धारा- 109(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय संतोष कुमार सिंह, चंद्रकेश शर्मा, मुंशी यादव सहित अन्य शामिल थे।
आरोपी ने बताई वारदात की वजह
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 28 फरवरी को रात्रि में अपने ट्यूबेल से घर जा रहा था रास्ते में मन्नू पटेल की चाय-पान की दुकान के पास अपनी गाड़ी खड़ी करके पान खाने जा रहा था कि दुकान पर पहले से ही मौजूद दो व्यक्ति बैठकर शराब पी रहे थे तभी अचानक तीन मोटरसाइकिल से छह व्यक्ति तेज रफ्तार में आए मैने उन्हें टोका कि आप इतनी तेज रफ्तार में आ रहे हो तो मुझे मारने का इरादा है क्या । इतनी बात पर वहा मौजूद आठ व्यक्ति मिलकर मुझे मारने पीटने लगे। उसके बाद मैं आवेश में आकर ट्यूबवेल पर जाकर वहां रखा असलहा लाकर उनके ऊपर कई राउण्ड फायर कर दिया जिसमें वह लोग घायल हो गये और मैं वहां से भागकर बिहार चला गया ।

