fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय में खुला देश का दूसरा अत्याधुनिक आडिटोरियम, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन

चंदौली। बेंगलुरु के बाद केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय में खुले देश के दूसरे अत्याधुनिक आडिटोरियम का रविवार केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उद्घाटन किया। इस दौरान चंदौली सांसद और भारी उद्योग मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद रहे। आडिटोरियम पूरे पूर्वांचल को लाभांवित करेगा।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ पहुंच रहा है। भाजपा सबका साथ सबका विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य है। कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं में तकनीकी हुनर को बढ़ाया जा रहा है। महिलाओं के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत गांव-गांव जाकर उज्ज्वला योजना, मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आदि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। कहा कि 13 दिसंबर को वाराणसी में भव्य कार्यक्रम होने जा हा है। 250 साल के बाद बाबा विश्वनाथ परिसर को बड़ा रूप दिया गया है। इस कार्यक्रम को पूरी दुनिया देखेगी। कहा कि सबसे बड़े कार्यक्रम में जम्मू से कन्या कुमारी तक के साधु संत भाग लेंगे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री का जगह जगह स्वागत किया गया। इस मौके पर विधायक साधना सिंह, सुशील सिंह, शारदा प्रसाद, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, नगर पालिका परिषद चेयरमैन संतोष खरवार, बीजेपी चिकित्स प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ केएन पांडेय, जिलाधिकारी संजीव सिंह, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

केवी परिसर बनेगा और भव्य
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने मौजूद लोगों से वादा किया कि केंद्रीय विद्यालय परिसर को और भव्य रूप दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने रेल अधिकारियों को प्रोजेक्ट तैयार करने भेजने की बात कही। बोले कि विकास के लिए जितना अनुदान चाहिए, वह पूरा किया जाएगा। विद्यालय परिसर का विस्तार होगा तो हर किसी को लाभ मिलने लगेगा।

देश का दूसरा आडिटोरियम है
केंद्रीय मंत्री व सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय में देश का यह दूसरा आडिटोरियम है। पहला आडिटोरियम बेंगलुरु में है। आडिटोरियम का लाभ चंदौली सहित पूर्वांचल के लोगों को मिलेगा। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। रेलवे ने जमीन दी और वर्ष 2018 में इसी नींव पड़ी। आज प्रेक्षागृह पूरी तरह से लोगों के लिए समर्पित कर दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!