
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें एडीएम न्यायिक रतन कुमार वर्मा ने कहा कि जिले सड़कों के अवैध कट चिह्नित करे ब्लैक स्पॉट और जहां पैदल यात्री सड़क पार करते हैं, वहां फुट ओवरब्रिज समेत अन्य सुरक्षित विकल्प विकसित करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, सुरक्षा के उपाय और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। एडीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर स्पीड ब्रेकर बनाने, चेतावनी और संकेतक बोर्ड, स्ट्रीट लाइट लगाने समेत सुरक्षा अन्य उपाय करने के निर्देश दिए। कहा कि जनपद के कटरिया, नौबतपुर सहित अन्य स्थानों पर विशेष व्यवस्था की जाए ताकि नागरिकों को आवागम में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कहा की वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग स्थल बनाया जाए।
कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग और यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराएं। वहीं, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर कराने को कहा। कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं के हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएं। इन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, स्ट्रीट लाइट आदि लगाए जाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग व यातायात नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। ओवर लोडिंग, गलत दिशा में गाड़ी चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना ऐसे लोगों के साथ कड़ाई से पेश आते हुए कार्रवाई की जाए। लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दें। सीओ ट्रैफिक कृष्ण मुरारी, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, एआरटीओ सर्वेश गौतम, ट्रैफिक पुलिस व यातायात, एनएच आई के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

